गाजीपुर। गुजरात के सूरत और बलिया से विशेष ट्रेनें मंगलवार की सुबह स्थानीय सिटी रेलवे स्टेशन पहुंची। इनमें मौजूद करीब बारह सौ प्रवासियों की चिकित्सकों ने थर्मल स्क्रीनिंग की। संक्रमित न पाए जाने पर इनको होम क्वारंटीन रहने आदि निर्देश देकर रोडवेज की बसों से उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया।
अठारह मई को तीन स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से कुल 4207 श्रमिक गाजीपुर आए थे। इनमें गुजरात के जामनगर से 1284, पंजाब के पटियाला से 1523 एवं राजस्थान के अलवर से 1400 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसमें विभिन्न जिलों के श्रमिक शामिल थे। इसी क्रम में आज सुबह गुजरात के सूरत एवं बलिया से आई ट्रेनों में करीब 12 सौ प्रवासी यहां पहुंचे। ट्रेन से उनको उतारने के बाद सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के बाद जिनमें लक्षण नहीं पाए गए, ऐसे लोगों को होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुए रोडवेज की विभिन्न बसों से उनके घर के लिए रवाना कर दिया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी सुशीललाल श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी राजेश सिंह आदि अधिकारियों के अलावा कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।