गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी के पास गुरुवार की दोपहर एक पिकअप से एकाएक स्कूली वैन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में चालक समेत तीन छात्र चोटिल हो गए। घायलों का एक निजी चिकित्सक के यहां मरहम-पट्टी कराने के बाद उन्हें वापस घर भेज दिया गया। घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
गुरुवार की दोपहर स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्कूली वैन बच्चों को घर छोड़ने जा रही थाी। इसी दौरान बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी के पास विपरीत दिशा से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप एवं स्कूल वैन मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही स्कूली वैन के चालक सहित तीन छात्र भी आंशिक रूप से जख्मी हुए। घटना की जानकारी होते ही स्कूली वैन में सवार छात्रों के अभिभावक और इलाके के लोग मौके पर जुट गए। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। इसी बीच विद्यालय के प्रबंधक और शिक्षकों भी मौके पर पहुंचे और बातचीत कर स्थिति को सामान्य किया। इसके बाद दोनों वाहन स्वामियों के बीच आपसी बातचीत के बाद मामला सुलह कर लिया गया। किसी भी पक्ष से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
उधर घायलों की स्थानीय चिकित्सालय के यहां मरहम-पट्टी करा कर घर भेज दिया गया। छात्रों के सकुशल घर पहुंचने के बाद घर वालों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बच्चे हल्के रूप से चोटिल है। इस मामले में किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। उधर इलाके के लोगों का कहना है कि सड़क खराब होने तथा वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण न होने की वजह से आए दिन ऐसी घटनाएं जनपद में हो रही हैं। पूर्व में मुहम्मदाबाद, सेवराई तथा जखनियां तहसील क्षेत्र में स्कूली वाहनों के पलटने और दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं हो चुकी हैँ।