गाजीपुर। लोकसभा चुनाव में ताल ठोंकने वाले उम्मीदवारों को नामांकन पत्र पर अपना फोटो लगाना होगा। इसके लिए आयोग ने फोटो चस्पा करने का स्थान भी नियत कर दिया है। यही नहीं, आयोग ने प्रत्याशियों की ओर से दाखिल किए जाने वाले शपथपत्र पर भी नवीन फोटो लगाने का निर्देश दिया है। लोकसभा चुनाव के तहत गाजीपुर संसदीय सीट के लिए 19 मई को मतदान कराया जाएगा। सातवें एवं अंतिम चरण में होने वाले चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक दलों में कशमकश तेज हो गई है, वहीं निर्वाचन आयोग की सक्रियता भी बढ़ गई है। नामांकन पत्र में लगने वाले इसी फोटो के आधार पर मतपत्र पर उम्मीदवारों के फोटो अंकित किए जाएंगे। यह मतपत्र बैलट यूनिट में लगाए जाएंगे। आगामी दिनों में सामान्य एवं व्यय प्रेक्षकों का आगमन होना है। इसके लिए लाइजेन अधिकारियों को नियुक्त करने का काम किया जा रहा है। आयोग ने निर्देश दिया है कि चुनाव में मतदान कार्मिकों की कमी होने पर शिक्षामित्रों को द्वितीय मतदान अधिकारी के रूप में तैनात किए जाने की स्थिति में सामान्यत: उन्हें आरक्षित सूची में रखा जाए। नियमित सरकारी कर्मियों की कमी होने की दशा में ही शिक्षामित्रों को मतदान अधिकारी (द्वितीय) के रूप में नियुक्त किया जाए।