खानपुर (गाजीपुर)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के छपरा ग्राम में छापा मारकर 53 बोरियों में रखा नकली दूध पाउडर का पैकेट बरामद किया। इस दौरान उसी दूध पाउडर का दो नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्र के नेतृत्व में छपरा ग्राम में एक खोवा गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान मौके पर व्यापारी उपस्थित नहीं था। वहां उपस्थित परिवार के अन्य लोगों ने टीम को जांच करने नहीं दिया। तब टीम ने खानपुर पुलिस के सहयोग से बंद कमरे का ताला खुलवाकर वहां लगभग 53 बोरियों में रखे नकली दूध पाउडर के पैकेट बरामद किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर दो नमूना उसी दूध पाउडर का संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला प्रेषित कर दिया। टीम ने बोरियों में रखे दूध पाउडर को खाद्य कारोबारकर्ता के प्रतिष्ठान में ही एक कमरे में रखकर कमरे को सील कर विक्रेता की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया। उक्त दूध पाउडर की कुल कीमत लगभग चार लाख 70 हजार है। छापेमार दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश कुमार एवं समला प्रसाद यादव शामिल थे। टीम का सहयोग उपनिरीक्षक शत्रुघ्न पांडेय एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने किया।