गाजीपुर। घटिया निर्माण कार्य होने की वजह से मिश्र बाजार तिराहा पर बने नाला का एक पटिया दो दिन बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई। नगरपालिका द्वारा अभी पटिया को दुरुस्त भी नहीं किया जा सका था कि गुरुवार को दूसरी पटिया भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे जहां आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। लोगों का कहना है कि घटिया निर्माण की वजह से ही बनने के कुछ ही दिन बाद नाला की पटिया टूट गई।
फरवरी माह की शुरुआत में नगरपालिका की तरफ से मिश्रबाजार तिराहा के पास नाला का मरम्मत कार्य कराकर सीमेंट के ढलाई का पटिया लगाया गया था। पटिया लगने के दो दिन बाह ही बीच का पटिया क्षतिग्रस्त होते हुए टूट गया, जिससे बीच सड़क पर गड्ढा हो गया। गड्ढा की वजह से आवागमन करने वालों की परेशानी बढ़ गई। आमने-सामने से चारपहिया वाहनों के आने के दौरान खुला नाला की वजह से निकल पाना संभव नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों को जाम का झाम भी झेलना पड़ रहा है। इसके साथ ही दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। पटिया क्षतिग्रस्त होते ही लोगों ने यह चर्चा शुरु हो गई कि घटिया निर्माण की वजह से ही दूसरे दिन ही पटिया क्षतिग्रस्त हो गई। नगरपालिका द्वारा अभी इस पटिया को दुरुस्त भी नहीं किया जा रहा था कि बीते बुधवार को दूसरी पटिया भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आवागमन करने वालों की परेशानी और बढ़ गई। अभी तो यह पटिया क्रेक होकर धंसी है, लेकिन यदि कोई वाहन इस पर गुजरा तो यह टूट जाएगी। दूसरी पटिया भी टूटने से पुन: लोगों में यह चर्चा शुरु हो गई कि पटिया का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं कराया गया है। सीमेंट की मात्रा काफी कम है। इसी वजह से कुछ दिन ही वह टूट गई। यदि समय रहते है खुले नाला को नहीं ढका गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी उमेशचंद्र ने बताया कि पटिया क्षतिग्रस्त होने की बात उनके संज्ञान में है। संबंधित को जल्द से जल्द दूसरी पटिया लगवाने का निर्देश दिया गया है।