गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर में घूम कर साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान कहा कि साफ-सफाई के प्रति कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने गेट से अंदर की तरफ दीवार से सटे खाली स्थान पर टाइल्स लगाने के लिए संबंधित अधिकारी से नपाई कराकर इस्टीमेट बनाने का निर्देश दिया। परिसर में खाली स्थानों का सुंदरीकरण कराने के लिए पेड़-पौधे एवं फूल के पौधे लगाने को कहा। इसी क्रम में मुख्य गेट एवं चहारदीवारी के किनारे लगाए जाने वाले गुमटी, चाय, पान की दुकानों को हटवा दिया। कहा कि जो लोग स्थान खाली नही करेंगे उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। चेतावनी देते हुए कहा कि परिसर के अंदर गंदगी करने वाले, पान, गुटखा खाकर थूकने वालों को पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।