दिलदारनगर। क्षेत्र के निरहु का पूरा गांव में नई बस्ती स्थित एक रिहायशी झोपड़ी में शुक्रवार की देर रात आग लग गई। इससे सात बकरियों की मौत हो गई और एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। इसके अलावा 17 हजार नकदी सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आशियाना जलने से परिवार खुले आसमान की नीचे आ गया है। निरहु का पूरा गांव में नई बस्ती निवासी इम्तियाज राइनी का परिवार शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद झोपड़ी में सो गया। देर रात करीब 12 बजे झोपड़ी में आग लग गई। आंच लगने पर परिजनों की नींद टूटी तो जान बचाने के लिए वहां से भागे। बाहर आकर शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक झोपड़ी में बंधी सात बकरियों की मौत हो चुकी थी और एक भैस गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़ित इम्तियाज ने बताया कि आग से 17 हजार नकदी सहित गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया है। आग में सब कुछ स्वाहा हो जाने से परिवार अब खुले आसमाने के नीचे आ गया है। न तो तन ढकने के लिए कपड़े बचे और न पेट भरने के लिए अनाज। शनिवार को पहुंचे लेखपाल ने पीड़ित से नुकसान की जानकारी ली। साथ ही सेवराई तहसील के अधिकारियों को रिपोर्ट देकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।