खानपुर(गाजीपुर)। क्षेत्र के तेतारपुर गांव में सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्टी की बैठक मंगलवार को हुई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर विनोद सिंह कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है।
उन्होंने कहा कि चारों तरफ अराजकता का माहौल है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। आए दिन हत्या, लूट, छिनैती, छेड़खानी, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। अपराधियों पर पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। आम आदमी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। किसी भी योजना का लाभ पात्रों को नहीं मिल पा रहा है। चुनाव के दौरान किए गए वादों से जनता में इस बात की आस थी कि भाजपा की सरकार बनने पर उन्हें तमाम तरह की योजनाओं का लाभ मिलेगा, लेकिन अब वह अपने को ठगा महसूस करते हुए यह कह रही है कि सरकार ने उन्हें छलने का काम किया। प्रदेश सचिव रामकृपाल ने कहा कि हम लोग गुजरात से निकलकर पूरे भारत में सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक ले जाएंगे। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता एवं अधिवक्ता संजय सिंह, गुलाब यादव, पंचम, पंकज, मुन्ना सिंह, संजय यादव, कल्लू राजभर आदि मौजूद रहे।