गाजीपुर। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (एपवा) की ओर से विभिन्न सवालों को लेकर गुरुवार को तुलसीसागर स्थित कार्यालय से मार्च निकाला गया। यह विभिन्न रास्तों से होकर सरजू पांडेय पार्क में सभा में तब्दील हो गया। इस अवसर पर हुई सभा में एपवा के जिला सचिव हंसा देवी ने कहा कि बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह में 41 लड़कियों के साथ गैंगरेप तथा जमानिया थाने के तियरी गांव में इंटरमीडिएट की छात्रा की धारदार हथियार से हत्या की घटना केंद्र और बिहार सरकार के बेटी बचाओ नारे के साथ क्रूर मजाक है। अपराधियों को पुलिस का भय नहीं रह गया है। वह बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि जमानिया थाने के तियरी गांव निवासी इंटर की छात्रा के हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया और प्रदेश में बढ़ रही महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कारगर कदम नहीं उठाए गए, तो एपवा सदस्य नौ अगस्त को जेल भरो आंदोलन के तहत गिरफ्तारी देंगे। इलाहाबाद में अमित शाह को काला झंडा दिखाने वाली साहसी लड़कियों को बिना शर्त रिहा करने की मांग उठाई। सभा में मंजू गोंड़, शकुंतला देवी, किरन देवी, रीता देवी एवं गीता देवी ने विचार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।