गाजीपुर। पिछले दो दिनों में लगातार हुई झमाझम बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। बारिश से शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर जलजमाव होने से लोगों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। कई मार्गों पर कीचड़, तो कई पर घुटने भर पानी लगा हुआ है। ऐसी स्थिति जनजीवन बेहाल हो गया है। सोमवार को भी लोगों को खूब फजीहत झेलनी पड़ी। लोग सरकार और संबंधित विभाग को कोसते हुए पानी के बीच से आवागमन करते रहे। लोग सरकार और जिला प्रशासन को इसके लिए दोषी करार देते रहे कि बरसात के पूर्व सड़कों एवं मार्गों पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई है।
रविवार को घंटों झमाझम बारिश हुई थी। इससे शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। शहर के साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें और गलियां ताल-तलैया बन गई थीं। इससे आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। दूसरे दिन सोमवार को सड़कों पर पानी लगने के साथ ही कीचड़ फैला गया था। गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर आलमपट्टी के पास सड़क काफी दूर तक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। दो से लेकर तीन फीट तक गड्ढा हो गया है। ये गड्ढे पानी से लबालब रहे। इससे निकलने में आवागमन करने वालों को एक बार हिम्मत जुटानी पड़ रही थी। किसी तरह लोग पानी भरे गड्ढों के बीच से निकल रहे थे।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के मुताबिक लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बरसात के कारण नगर की सड़कें रविवार की रात से लेकर सुबह तक झील बनी रहीं। दो दिनों के बाद सोमवार को मौसम खुलने पर लोग घर से बाहर निकले। उधर, बारिश से जहां धान की फसल को लाभ हैं, वहीं ताल में फसलों के डूबने से काफी नुकसान पहुंच सकता है।
करीमुद्दीनपुर संवाददाता के मुताबिक भारी बरसात के कारण महीनों से सूखे पोखरे और तालाबों में पानी दिखाई देने लगा है। बारिश अधिक होने से खेतों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। धान की रोपाई के बाद भी बारिश का क्रम न रुकने से किसानों की चिंता एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है, कई एकड़ में धान सहित अन्य फसल डूब गई है।
गहमर संवाददाता के अनुसार रविवार की घंटों बारिश का असर दूसरे दिन सोमवार को भी मार्गों पर दिखाई दिया। ताड़ीघाट-बारा रोड से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालय गहमर, थाना गेट से रेलवे स्टेशन रोड, गहमर बालिका विद्यालय से होकर वार्ड 10, 12, 13 होते हुए पकड़ीतर बाजार, पूरब पोखरा से होते हुए गांव में जाने वाला मुख्य मार्ग के साथ ही इंटर कॉलेज मेन रोड, मां कामाख्या महाविद्यालय, मुख्य पोस्ट आफिस रोड पर पानी से लबालब भरा रहा। इससे आवागमन करने वालों की खूब फजीहत हुई। पानी लगने अधिकांश दुकानें बंद रही। मालूम हो कि पहले पानी निकासी ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर पटरी पर स्थित नाला से होती थी। इस मार्ग के निर्माण की वजह से नाला बंद कर दिया गया है। अब कही से पानी निकासी की व्यवस्था न होने से जल-जमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है।
जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे लोग
नंदगंज। गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर स्थित स्थानीय बाजार में सीसी सड़क का निर्माण कार्य को पूरा हो गया, लेकिन पटरी और नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे हल्की बारिश होने पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। रविवार को घंटों हुई बारिश के दूसरे दिन सोमवार को भी मार्ग पर पानी लगा रहा। नाराज लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वह सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। रविवार को हुई तेज बारिश से सड़क पूरी तरह से नदी के रूप में तब्दील हो गई। किनारे स्थित दुकानों और घरों में बारिश में पानी घुस गए। तमाम लोग पूरे दिन बाल्टी और डिब्बा से पानी निकालने में जुटे रहे। बाजार के दुकानदार राजकुमार, अब्दुल कलाम, सतीश शर्मा, प्रसाद कुशवाहा, फखरुद्दीन, अनिल जायसवाल, घनश्याम जायसवाल आदि ने कहा कि सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन पटरी और नाली न बनने से जल जमाव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पानी लगने की वजह से घरों से निकलना दुश्वार हो गया है। लोगों ने चेतावनी दी यदि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती है तो वह सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।