जमानिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन वार्ड नंबर-20 मदनपुरा रोड शनिवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक ट्रांसफार्मर आग का गोला बन गया। बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद आनन-फानन में लोगों ने मिट्टी और बालू डालकर आग को बुझाया। ट्रांसफार्मर जलने से करीब दो सौ घरों की बत्ती गुल गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई। रेलवे स्टेशन वार्ड नंबर-20 में बिजली आपूर्ति के लिए मदनपुरा सड़क के किनारे विभाग द्वारा ढाई सौ केवी के ट्रांसफार्मर को लगाया गया था। शाम को करीब पौने पांच बजे आपूर्ति के दौरान अचानक ट्रांसफार्मर आग का गोला बन गया और उससे आग की तेज लपटे उठने लगी। आसपास के लोगों के साथ ही आवागमन करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। लोग इस बात से सहमें रहे कि आग से गर्म होकर कही तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर फट न जाए। लोगों तत्काल इसकी सूचना विद्युत उपकेंद्र और फायर ब्रिगेड को दी। आपूर्ति बंद होने पर लोगों ने मिट्टी और बालू डालकर आग को बुझाया। आग बुझाने के घंटों बाद भी फायर की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। ट्रांसफार्मर में आग लगते ही मार्ग पर वाहनों का आवागमन थम गया। लोग ट्रांसफार्मर से काफी दूर खड़े रहे। लोगों की तरफ से आग को बुझाए जाने पर करीब आधे घंटे बाद आवागमन सुचारु हुआ। ट्रांसफार्मर जलने से करीब दो सौ घरों की आपूर्ति ठप हो गए। इससे भीषण गर्मी में लोगों की परेशानी बढ़ गई। लोग इस से परेशान रहे कि बिजली के अभाव में वह रात में कैसे सोएंगे। इस संबंध में जेई तपश कुमार ने कहा कि गर्मी और ओवरलोड की वजह से ट्रांसफार्मर में आग लगी है। मेरा प्रयास है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को बदलवाकर संबंधित क्षेत्र की आपूर्ति बहाल करा दी जाए।