दानापुर-मुगलसराय रेलखंड के दरौली रेलवे स्टेशन के लूप लाइन में खड़ी 15636 गोहाटी ओखा एक्सप्रेस ट्रेन सिग्नल मिलने के बाद जैसे ही बढ़ी कपलिंग टूट गया। इससे ट्रेन दो भागों में बंट गई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे रेल कर्मियों ने कपलिंग को जोड़कर 25 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।
गोहाटी-ओखा एक्सप्रेस पीछे से आ रही ट्रेन को आगे निकालने के लिए दरौली रेलवे स्टेशन के लूप लाइन में खड़ी की गई थी। ट्रेन के गुजरने के बाद गोहाटी-ओखा को रवाना करने के लिए जैसे ही हरा सिग्नल मिला ट्रेन आगे बढ़ने लगी। इस दौरान तेज झटके के साथ ट्रेन के बीच की कपलिंग टूट गई और ट्रेन दो भागों में बंट गई। इंजन आधी बोगी लेकर आगे बढ़ने लगा। इसकी सूचना तत्काल ट्रेन के गार्ड ने चालक को दी। ट्रेन और प्लेटफार्म पर मौजूद लोग चीखने-चिल्लाने लगे। स्टेशन पर तैनात रेल कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना दानापुर नियंत्रण कक्ष को दी। इधर कपलिंग टूटने की जानकारी होने पर ट्रेन में बैठे लोग नीचे उतर गए। इसके बाद ट्रेन चालक आगे बढ़ी बोगी को पीछे लाया तब जाकर पोटर ने खुली कपलिंग को जोड़ा। करीब 25 मिनट बाद ट्रेन लूप लाइन से गतंव्य के लिए रवाना हुई।