क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को अर्थशास्त्र विभाग की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश का आर्थिक विकास समस्या एवं संभावनाएं विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। विषय प्रवर्तन करते हुए डॉ. ओमप्रकाश ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के भूभाग एवं क्षेत्रफल पर प्रकाश डालते हुए इसे बड़ी जनसंख्या वाला क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि उद्योग धंधे के अभाव के कारण श्रमिकों का यहां से पलायन जारी है। रोजगार की तलाश एवं क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए और औद्योगिकीकरण की आवश्यकता है।
उन्होंने व्यवसायिक शिक्षा, आईटीआई सेक्टर के विकास पर बल दिया। अर्थशास्त्र के विभागाध्यक्ष एवं गोष्ठी के संयोजक डॉ शरद कुमार ने कहा कि पूर्वांचल विकास में पीछे है और इसके लिए हम सभी जिम्मेदार हैं। सरकारी नीति का सही क्रियान्वयन न होना ही इसके पिछड़ेपन का महत्वपूर्ण कारण है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास में महिलाओं की सहभागिता पर बल देते हुए कहा कि बिना महिलाओं की सहभागिता के विकास अधूरा है। इस दौरान उन्होंने कई राज्यों गुजरात, पंजाब, महाराष्ट्र आदि का उदाहरण दिया। गोष्ठी में डा. शशिनाथ सिंह, डा. अरुण सिंह, डॉ. नीतू सिंह, हरिकेश गिरी, अभय सिंह, प्रीति सिंह, रजनी सिंह, श्वेता सिंह, वर्षा प्रजापति, नेहा परवीन आदि मौजूद रहीं। अध्यक्षता प्राचार्य देवेंद्रनाथ सिंह एवं संचालन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक डॉ. शरद कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।