शासन ने विकास कार्यों के लिए छह करोड़ 75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृति की है। इस धनराशि से पूरे जनपद की 67 से अधिक सड़कों के साथ ही खड़ंजा और नाली का निर्माण होगा। विकास कार्यों का टेंडर अतिशीघ्र ऑनलाइन जारी किया जाएगा। शासन से धन की स्वीकृति के बाद जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सालों से टूटी तथा जर्जर सड़कों के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है। ग्रामीण अब टेंडर और निर्माण कार्य आरंभ होने का इंतजार कर रहे हैं।
बीते दिनों जिला पंचायत की बैठक में विकास कार्यों का न केवल मुद्दा उठा था बल्कि कई प्रस्तावों को ध्वनि मत से पास भी किया गया था। 10 लाख से अधिक लागत से होने वाले सड़क निर्माण के कार्य की स्वीकृति शासन स्तर से दी जाती है। जिला पंचायत स्तर से 67 जिला पंचायत सदस्यों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसे शासन ने स्वीकृति दे दी है। ऐसे में जिले के 67 जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्र में सड़क, नाली, खड़ंजा का निर्माण होना है। शासन ने इसके लिए छह करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। जबकि जिला पंचायत में भाजपा की सरकार गठन के बाद अभी तक बड़े विकास कार्यों के लिए धन की स्वीकृति नहीं की गई है। पिछली बोर्ड की बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने काफी हो-हल्ला किया था। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया। अब अवशेष कार्य योजना के प्रस्ताव को अगली बैठक में सदन के पटल पर रखा जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष आशा यादव ने जल्द ही अगली बैठक बुलाने की बात कही है। इससे जनपद के रुके विकास को गति दी जा सके। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय यादव ने कहा कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र को विकास से जोड़ा गया है। सभी जिला पंचायत सदस्यों के क्षेत्र में नाली, खड़ंजा और सड़क का निर्माण जल्द शुरू होगा। इस पर शासन ने मुहर लगा दी है।