गाजीपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बैठक शहर के शास्त्रीनगर स्थित नगर मंत्री अभिनंदन केशरी के आवास पर मंगलवार को हुई। इसमें दिलदारनगर के बहुअरा गांव निवासी कक्षा-11 की छात्रा अर्चना की हत्या पर रोष व्यक्त किया गया। फरार अन्य दो हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की पुलिस प्रशासन से मांग की गई।
इस मौके पर छात्र नेता गर्वजीत सिंह ने कहा कि अपनी सहेलियों संग विद्यालय से घर लौटते समय छात्रा की हत्या क्षमा योग्य नहीं है। एक हत्यारोपी ने तो थाने में आत्मसमर्पण कर दिया, लेकिन अभी भी दो नामजद अभियुक्त फरार हैं। पुलिस प्रशासन इनकी जल्द से जल्द से गिरफ्तारी कर हत्यारोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दे, जिससे कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ आए दिन छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं। खासकर स्कूल-कालेजों के पास और आने-जाने वाले रास्तों पर युवक छात्राओं पर छींटाकशी करते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए स्कूल-कालेजों के पास पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ ही स्कूल-कालेज जाने वाले मार्गों पर पुलिस लगातार चक्रमण कर छींटाकशी करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई करे। उन्होंने चेतावनी दिया कि अगर समय रहते फरार अन्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य आंदोलन को बाध्य होंगे। बैठक में नवनीत सिंह, अभयप्रताप सिंह, अनुराग त्रिपाठी, अभिनंदन केशरी, शुभम प्रकाश गुप्ता, संकेत सिंह, अभिषेक सिंह, सत्यम राय, अविनाश चौधरी, विक्रांत, राहुल मौर्य, नवीन प्रताप सिंह, कार्तिक गुप्ता, विनोद कुशवाहा, अभिजीत सिंह, निखिल पांडेय आदि मौजूद रहे।