गाजीपुर। नगर निकाय चुनाव के प्रचार का शोरगुल सोमवार की शाम थम जाएगा। प्रचार बंद होते ही उम्मीदवार मतदाताओं से जनसंपर्क कर उनका समर्थन हासिल करने के लिए उनके घरों का रुख करेंगे।
जिले में नगर निकाय चुनाव पहले चरण में 22 नवंबर को कराया जा रहा है। तीन नगर पालिका परिषदों गाजीपुर, मुहम्मदाबाद, जमानिया एवं पांच नगर पंचायतों सैदपुर, सादात, दिलदारनगर, बहादुरगंज एवं जंगीपुर में होने वाले इस चुनाव में विभिन्न निकाय के अध्यक्ष पद के 66 तथा 136 वार्ड के सभासद पद के लिए 681 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। इनकी किस्मत का फैसला दो लाख पांच हजार से अधिक मतदाता करेंगे। इस चुनाव की नामांकन की प्रक्रिया 29 अक्तूबर को शुरू हुई थी। उम्मीदवारों को प्रतीक चिह्न आवंटन के साथ 10 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई थी। चुनाव चिह्न मिलने के बाद सभी आठ निकायों में प्रत्याशियों की तरफ से जोरशोर से प्रचार किया जा रहा था। जगह-जगह नुक्कड़ सभा एवं घर-घर जनसंपर्क के साथ ही वाहनों के माध्यम से भी जमकर प्रचार किया जा रहा था। सभी नगरीय निकायों में इसके चलते पिछले कई दिनों से सियासी पारा चढ़ा हुआ था। दस दिन से चल रहा चुनाव प्रचार का शोरगुल आज शाम पांच बजे थम जाएगा। प्रचार बंद होते ही उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे।