मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के तिवारीपुर गांव स्थित एक निजी विद्यालय के सामने मंगलवार को गाजीपुर- भरौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक चलाना सिख रहे एक किशोर की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बखारीपुर गांव निवासी अभय कुमार (13) खेत से धान की कटाई करके घर वापस आने के बाद रखी बाइक लेकर निकल पड़ा। किशोर बाइक सिखने के लिए सीधे गाजीपुर-भरौली मार्ग पर आ गया। किशोर बाइक का स्टैंड बंद करना भूल गया था। इसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर तिवारीपुर गांव स्थित एक निजी विद्यालय के सामने पलट गई। इसी दौरान किशोर किसी वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और किशोर को इलाज के लिए सीएचसी लाए। जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।