जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड में पोषण अभियान में शामिल कन्वर्जेंस विभागों द्वारा कुपोषण की रोकथाम के लिए शुक्रवार को अभिमुखीकरण ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर एसडीएम विनय कुमार गुप्ता एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कुपोषण से बचाव और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी।
एसडीएम ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बाल एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रयास करना है। भोजन की कमी, बीमारी, दूषित वातावरण, शिक्षा और अज्ञानता के कारण कुपोषण है। इससे बचाव के लिए प्रसव के दौरान आयरन और कैल्शियम की गोली, संतुलित आहार,नियमित टीकाकरण आदि से रोका जा सकता है। सीडीपीओ विद्या सिंह ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां को पर्याप्त पोषण मिलना चाहिए और संतान प्राप्ति के बाद स्तनपान पर जोर दिया जाना चाहिए। इनसे हमें ऊर्जा और कार्बोहाइड्रेट पाचन के लिए कैलोरी प्राप्त होती है जिस कारण से इसका सेवन जरूरी है। इस अवसर पर बीडीओ नान्हू राम, दीनबंधु सिंह, धर्मराज सिंह, संतोष तिवारी, सुग्रीव यादव आदि उपस्थित थे।