जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय विकासखंड स्थित सभागार में शनिवार को समुदाय आधारित संपूर्ण स्वच्छता टीम (सीएलटीएस) की बैठक हुई। इसमें गांव, स्कूल आदि में स्वच्छता संबंधित जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर लकी सिंह ने कहा कि स्वच्छता को लेकर जिले के मुख्य विकास अधिकारी गंभीर हैं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ब्लॉक को ओडीएफ घोषित किया जाए। गांव, स्कूल तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता संबंधित जानकारी देने के साथ आम लोगों को जागरूक किया जाए। प्रत्येक गांव में एक मॉडल शौचालय (इज्जत घर) बनाया जाएगा जिसे देखकर गांव के अन्य लोग अपने शौचालय का निर्माण मानक के अनुरूप करा सकें। इस अवसर पर अक्षय कुमार, विनोद कुमार, रामविलास, प्रमोद कुमार, मोहम्मद इरशाद, राज कुमार आदि उपस्थित थे।