रतसर। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के 50वें वर्षगांठ एवं विजयदशमी के अवसर पर पंचायत भवन पर शुक्रवार को आयोजित देवी जागरण में पूरी रात भक्ति की बयार बहती रही। इस दौरान गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक देवी गीत प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का शुभारंभ चौकी प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने मां भगवती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
इस दौरान जीतू बावला ने गणेश वंदना, हे गजानन अब तो आ जाओ से शुरूआत की। वहीं, गायिका अनामिका सिंह ने धरती गगन में होती है तेरी जय जयकार से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद अनामिका सिंह ने कई प्रसिद्ध देवी गीत गाकर लोगों को भक्ति के सागर में गोते लगाने को मजबूर कर दिया। गायक सोनू श्रीवास्तव ने बारिश के छमछम में तेरे घर आया मां गाकर वाहवाही लूटी। गायक सत्यप्रकाश ने अच्छे दिन आने वाले हैं, श्री श्याम घर आने वाले हैं के साथ अपनी अन्य प्रस्तुतियों से लोगों को खूब झूमाया। इसके पूर्व दिन में कमेटी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें देर रात तक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते रहे। इस मौके पर लोकेश पांडेय, विनोद सोनी, गोरख सोनी, विनोद लाल श्रीवास्तव, अजीत जायसवाल, राधेश्याम वर्मा आदि रहे।