गाजीपुर। विज्ञान के क्षेत्र में अभिरुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने वाली इंस्पायर अवार्ड योजना की शुरुआत वर्तमान शैक्षिक सत्र से प्रारंभ हो गई है। इस योजना के लाभार्थी छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए शिक्षा निदेशक का निर्देश सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजा जा चुका है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक जिले में संचालित हो रहे सभी माध्यमिक स्तर के स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सूची स्कूलों से मांगी गई है। इस योजना के तहत चयनित छात्र-छात्राओं को पांच हजार की एकमुश्त धनराशि सौंपी जाती है। इसकी आधी धनराशि से छात्र विज्ञान का मॉडल-प्रोजेक्ट तैयार करते हैं। जबकि आधी धनराशि जिला स्तर पर आयोजित विज्ञान की माडल प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने पर खर्च करना होता है। जिला स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए भेजा जाता है। राज्य प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उच्च स्तर की शिक्षा प्राप्त करने में उनको पूर्ण मदद सरकार की ओर से दी जाती है। यह योजना कक्षा छह से 10 तक की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्रों पर लागू होती है।