कठवामोड़(गाजीपुर)। नोनहरा थाना क्षेत्र के शहबाजकुली गांव के सामने गाजीपुर-भरौली मार्ग पर मंगलवार को बोलेरो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुुआवजे की मांग को लेकर आधे घंटे तक मार्ग जाम कर दिया। तहसीलदार के समझाने-बुझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
शहबाजकुली गांव निवासी सुंगती देवी (40) खेत से काम करके वापस घर लौट रही थी। घर पहुंचने के लिए वह गाजीपुर-भरौली मार्ग पार कर रही थी। इसी दौरान मुहम्मदाबाद की ओर जा रही एक बोलेरो ने टक्कर मार दिया। इससे महिला की घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने गाजीपुर-भरौली मार्ग जाम कर दिया। आधे घंटे बाद पहुंचे तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्यामबाबू ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।