जमानिया(गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन बाजार स्थित रेलवे फाटक पर बने गेटमैन कक्ष में घुसकर नशे में धुत युवक ने तोड़फोड़ करने के साथ ही ट्रेन संचालन का रजिस्टर भी फाड़ दिया। साथ ही वहां तैनात गेट मैन को गाली-गलौज कर मौके से फरार हो गया। गेट मैन ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर और जीआरपी को दी।
गेट मैन एनएन सिंह ने बताया कि अप ट्रैक में गरीब रथ तथा डाउन में माल गाड़ी आ रही थी। इससे क्रासिंग का गेट बंद था। इसी दौरान इंडिका कार से दो-तीन लोग आए और गेट खोलने को कहने लगे, लेकिन ट्रेन आने की सूचना होने पर गेट खोलने से मना कर दिया गया। इतना सुनते ही नशे में धुत एक युवक कक्ष में प्रवेश किया और गेट खोलने को कहा। लेकिन जब गाड़ी निकलने के बाद गेट खोलने की बात कही गई, तो इतना सुनते ही युवक गाली देने लगा तथा टेलीफोन तोड़ दिया तथा आवागमन रजिस्टर फाड़ कर बाहर निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गेट मैन कक्ष तोड़फोड़ करने के उक्त युवक ने गेट के पास जा रहे मजदूरों से उलझ गया। उसके साथी युवक गाड़ी छोड़कर वहां से निकल पड़े। आसपास के लोग बीच बचाव कर मामला शांत कराया। उसके बाद नशे में धुत अज्ञात युवक वहीं गेट के पास बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुुंच गई। लेकिन मामला राजकीय रेलवे पुलिस का था। इसलिए स्थानीय पुलिस राजकीय रेलवे पुलिस की इंतजार कर युवक को जीआरपी के हवाले कर दिया।