गाजीपुर। शहर कोतवाली के झुन्नूलाल चौराहा के पास रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक चाय की पत्ती के गोदाम में आग लग गई। इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की चाय की पत्ती जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस मामले की छानबीन शुरू कर दी।
नियाजी मुहल्ला निवासी अजय कुमार कश्यप की चौराहे के पास एक किराए के मकान में चाय की पत्ती का गोदाम है। वह रोज की तरह शनिवार की देर शाम ताला बंदकर घर चले गए। सुबह करीब पांच बजे टहल रहे लोगों ने गोदाम से उठ रहे धुएं की जानकारी दुकान के मालिक को दी। आग लगने की सूचना मिलते ही दूकानदार और परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। पीड़ित की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ आग लगाने की तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इस संबंध सीओ हृदयानंद सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।