गाजीपुर। निर्वाचन आयोग की ओर से नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके तहत पहले चरण में जिले के आठ नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव की नामांकन की प्रक्रिया रविवार से शुरू होगी। आगामी चुनाव के लिए आयोग ने उम्मीदवारों के लिए खर्च की सीमा बढ़ा दी है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के दावेदार छह लाख तो नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डेढ़ लाख रुपये खर्च कर सकेंगे।
नगर निकाय चुनाव के तहत जिले के तीन नगर पालिका परिषदों गाजीपुर, मुहम्मदाबाद एवं जमानिया तथा पांच नगर पंचायतों सैदपुर, सादात, बहादुरगंज, जंगीपुर एवं दिलदारनगर में पहले चरण में 22 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया आज से शुरू होगी। नामांकन का कार्य छह नवंबर तक दिन में 11 से तीन बजे तक होगा। नाम निर्देशन पत्रों की जांच सात को दिन में 11 बजे से तथा नाम वापसी नौ नवंबर को दिन में 11 से तीन बजे तक की जा सकेगी। 10 नवंबर को दिन में 11 बजे से प्रतीक चिह्न का आवंटन किया जाएगा। मतदान 22 नवंबर को सुबह साढ़े सात से पांच बजे तक तथा मतों की गणना पहली दिसंबर को सुबह आठ बजे से होगी। आयोग ने इस चुनाव में प्रत्याशियों के खर्च की सीमा बढ़ा दी है। नगर पालिका परिषद के सदस्य पद के दावेदार डेढ़ लाख तथा नगर पंचायत के सदस्य पद के उम्मीदवार 30 हजार तक खर्च कर सकेंगे। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही प्रशासनिक अधिकारी चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। शनिवार को तहसील परिसर में 29 अक्तूबर से शुरू होने वाले नामांकन के लिए बैरीकेटिंग का कार्य कराया गया। तहसील परिसर में छह स्थानों पर नामांकन के लिए काउंटर बनाए गए हैं। उपजिलाधिकारी के कार्यालय में चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। अन्य पांच काउंटरों पर पांच-पांच वार्डों के सभासद पद के प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जमानिया संवाददाता के अनुसार चुनाव की घोषणा के साथ नगर में चहल पहल तेज हो गई है। चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी अपने वोटरों को रिझाने में जुट गए हैं।