सुहवल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बेमुआ गांव में रविवार को बिजली का तार हटाने को लेकर उपजे विवाद में कुछ दंबगों ने दो सगे भाइयों को मारपीटकर कर घायल कर दिया। घायलों की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों को आता देख मारपीट कर रहे दंबग वहां से भाग निकले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।
गांव निवासी सुशील राजभर (16) और उसका छोटा भाई वकील कुमार (13) गांव के उत्तर तरफ स्थित एक पंपिंग सेट के बगल में स्थित अपने खेत में बोई गई सब्जी की सिंचाई के लिए दूसरे पंपिंग सेट से पानी ले जाने के लिए विद्युत तार को हटा रहे थे। इस दौरान निजी पंप संचालक अपने भाई संग पहुंचे। तीनों सिंचाई कर रहे दोनों भाइयों से तार रखने की बात कहने लगे। इस पर दोनों भाइयों ने कहा कि सिंचाई के बाद तार रख देंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसके बाद तीनों ने मिलकर सिंचाई कर रहे दोनों भाइयों की जमकर पिटाई कर दी। दोनों भाइयों के शोर मचाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख तीनों मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायलों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस का कहना है कि घायल दोनों भाइयों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। इस संबंध में सीओ आरबी सिंह ने बताया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।