गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित चाय की दूकान के पास मूंगफली विक्रेता को उसके फुफेरे भाई द्वारा गोली मार दी थी। इस मामले में जीआरपी पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को धर दबोचा। घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद कर लिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जीआरपी पुलिस द्वारा सरगर्मी से की जा रही है।
क्षेत्र के ताजपुर निवासी अक्षय कुमार वर्मा का पुत्र गंगा वर्मा और रिश्ते में लगने वाला फुफेरा भाई धर्मेंद्र कुमार औड़िहार से बलिया रेलवे स्टेशनों के बीच मूंगफली तथा लाई-चना बेचने का काम करते थे। कई वर्षों तक दोनों एक साथ मूंगफली और लाई-चना बेचने का काम करते थे। कुछ महीनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। अनबन इतनी गहरा चुकी थी कि दोनो एक-दूसरे से खुन्नस खाए हुए थे। किसी बात को लेकर एक सप्ताह पूर्व दोनों में मारपीट भी हुई थी। घटना के एक दिन पूर्व दोनों एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दिए थे। बीते 13 जुलाई को ताजपुर रेलवे स्टेशन पर आरोपी धर्मेंद्र वर्मा ने एक व्यक्ति की लाइसेंसी पिस्तौल लेकर गंगा के सिर में गोली मारी दी। इस मामले में जीआरपी पुलिस ने विभिन्न धारा के तहत धर्मेंद्र वर्मा, जितेंद्र वर्मा, सुरेंद्र वर्मा, फिरोज अहमद और महमूद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जीआरपी पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपी धर्मेंद्र वर्मा और फिरोज अहमद अंसारी को घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और कारतूस को धर दबोचा। इस संबंध में जीआरपी एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को पिस्तौल और कारतूस के साथ पकड़ लिया गया है। तीन नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।