गाजीपुर। जनपद में 20.40 करोड़ रुपये से कुल 17 हजार एकल शौचालय का निर्माण होना है। इसके लिए बीते 9 महीने में 11 हजार आवेदन आए हैं। पंचायती राज विभाग की ओर से आवेदन-पत्रों के सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों के खाते में 12 हजार रुपये की धनराशि दो किस्तों में दी जाएगी।एक एकल शौचालय का निर्माण 12 हजार रुपये की लागत से होगा। एकल शौचालय का निर्माण संबंधित लाभार्थी खुद करेगा। लागत धनराशि पंचायती राज विभाग की ओर से लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी। यह धनराशि दो किस्तों में छह-छह हजार रुपये के दर से दी जाएगी। प्रथम किस्त सत्यापन के बाद भेजा जाता है। दूसरी किस्त एकल शौचालय का निर्माण होने पर दिया जाएगा।
जनवरी से चल रही आवेदन प्रक्रिया-एकल शौचालय के लिए जनपद में जनवरी से आवेदन प्रक्रिया चल रही है। शासन की मंशा है कि गांवों को खुले में शौच मुक्त किया जाए। इसके लिए आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को एकल शौचालय के निर्माण में मदद की जाती है। शर्त यह है कि लाभार्थी के पास पहले से शौचालय की सुविधा उपलब्ध न हो। आवेदन के समय बैंक पासुबक व आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न करनी पड़ती है। एकल शौचालय का निर्माण होने के बाद विभाग की ओर से उसका सत्यापन किया जाता है।
जनपद में 17 हजार एकल शौचालय का निर्माण होने वाला है। अब तक 11 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। - रमेशचंद्र उपाध्याय, प्रभारी डीपीआरओ