जिले में शनिवार को 105 कोरोना संक्रमित मरीज मिले, जिन्हें होम आइसोलेट किया गया। वहीं 105 संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए। ऐसे में सक्रिय मरीजों की संख्या 735 पहुंच गई है। वहीं 2480 किशोरों को टीका लगाया गया। जबकि 81 को बूस्टर डोज लगा। साथ ही 18 से 60 वर्ष के 5746 को कोरोना का पहला डोज और 6183 को दूसरा डोज लगा। कोरोना की तीसरी लहर में प्रतिदिन संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। आए दिन मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी होती जा रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही है। हालांकि मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी अब तेज हो चुकी है। देर शाम आई रिपोर्ट में 105 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां सक्रिय हो गई, वहीं इनके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर उनकी जांच करने की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है, जिससे संक्रमण के फैलाव पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का भी काम किया जा रहा है, जिससे उन्हें सुरक्षित किया जा सके। इस संबंध में एसीएमओ डा. उमेश कुमार ने बताया कि एहतियात के साथ सतर्कता काफी जरूरी है।