थाना क्षेत्र के श्री ठाकुरजी राम-लक्ष्मण जानकी इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र पर रविवार को टीईटी की परीक्षा देने आए एक संदिग्ध परीक्षार्थी को क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा गौरव सिंह ने शंका में पकड़ लिया। उसका आधार कार्ड जनसेवा केंद्र से जांचा तो नहीं खुला। इसके बाद पुलिस उसे थाना लेकर चली गई। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर जांच के दौरान सीओ को देखकर वह भागने लगा। शंका होने पर उसे पकड़वा कर उसके आधार कार्ड को जनसेवा केंद्र से जांचा गया तो वह नहीं खुला। थाना में बैठाकर उसके घर प्रतापगढ़ में सूचना दे दी गई है। परीक्षा समाप्ति के बाद छानबीन करके उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।