गाजीपुर। जनपद न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। निस्तारण के लिए नियत 114266 मामलों में सुलह- समझौते एवं संस्वीकृति के आधार पर 103280 वादों का निस्तारण हुआ। कुटुम्ब न्यायालय प्रधान न्यायाधीश ने 40 वाद निस्तारित करने के साथ आठ जोड़ों को साथ-साथ भेजा। साथ ही न्यायालय मोटर दुर्घटना दावा न्यायालय ने 30 वाद निबटाए, इसमें 8312000 रुपये देने का आदेश जारी किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायालय में सुबह 10.30 बजे राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश संजय कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं समक्ष दीप-प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। लोक अदालत के नोडल अधिकारी राकेश कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार ने निस्तारण के लिए नियत वादों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। राष्ट्रीय लोक अदालत में 114266 मामले आए थे।इसमें सुलह समझौते पर 103280 वाद निपटाए गए। इसमें राजस्व विभाग के 7262 मामले, विभिन्न न्यायालयों द्वारा 19013 मामले, बैंक एवं अन्य विभाग द्वारा 77005 मामले निस्तारित किए गए।