गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के फतेहउल्लहपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक प्राइवेट बस ने एक छात्र को टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। घटना के कुछ देर बाद दर्जनों युवक लंका बस स्टैंड में पहुंचे और बस चालक को पिटाई करते हुए सिंचाई विभाग चौराहा पर ले गए। लंका पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मी खामोश होकर तमाशा देखते रहे। सूचना पर वहां पहुंची कोतवाली पुलिस चालक को युवकों से मुक्त कराकर कोतवाली लाई। इस मामले में किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं दी है।
नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव निवासी छात्र राकेश यादव गाजीपुर में कोचिंग करने के लिए घर से निकला था। वह बस के इंतजार में फतेहउल्लपुर गांव के पास सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान वाराणसी से गाजीपुर आ रही प्राइवेट बस ने उसे टक्कर मार दिया, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख वहां मौजूद युवक बस की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन चालक बस सहित वहां से फरार हो गया। आनन-फानन में लोग घायल को जिला अस्पताल लाए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना से आक्रोशित दर्जनों युवक दिन में करीब साढ़े नौ बजे सदर कोतवाली के लंका स्थित बस स्टैंड में पहुंचे और जिस बस से छात्र को टक्कर लगा था, उसके चालक को बस से खींच कर नीचे ले आए और पिटाई करने लगे। सामने पिकेट पर चार की संख्या में तैनात पुलिस कर्मी तमाशा देखते रहे। युवक चालक को मारते-पीटते लंका चुंगी होते ही सिंचाई विभाग ले गए। पिकेट पर तैनात पुलिस ने इसकी जानकारी कोतवाली को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों के समझा-बुझाकर शांत कराया और चालक को कोतवाली लाई। इस मामले में पुलिस को किसी तरह से कोई तहरीर नहीं मिली है।