गहमर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के खेदूराय पट्टी निवासी एक छात्र की शनिवार की देर रात इन्वर्टर चालू करने के दौरान करेंट लगने से मौत हो गई। परिवार के लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मालूम हो कि खेदूराय पट्टी निवासी मुन्ना सिंह का छोटा पुत्र रवि सिंह (21) कहीं से रात में करीब दस बजे घर पहुंचा। इस दौरान बिजली कटी हुई थी। घर में मां एवं अन्य सदस्यों को अंधेरे में बैठा देख उसने इन्वर्टर से बल्ब जलाने के प्रयास में जैसे ही इन्वर्टर को चालू किया, वैसे ही करेंट की जद में आ गया। करेंट का झटका लगने से वह चौकी से टकराते हुए दीवार से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल हो गया। मां माधुरी देवी परिवार के अन्य लोग चीख-पुकार करने लगे। उनकी आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में युवक को निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक रवि बीटेक की पढ़ाई पूरी कर कुछ दिनों से घर पर ही रहकर नौकरी की तैयारी कर रहा था। दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। रविवार को पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिवार वालों को ढांढस बंधाते हुए हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया।