कासिमाबाद(गाजीपुर)। बहन-बहनोई की पिटाई से घायल पीड़ित को इंसाफ दिलाने के लिए सोमवार को दिन में सहाबलपुर गांव के लोगों ने कासिमाबाद चौक पर सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची थाने की पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाने पर एक घंटे बाद किसी तरह जाम समाप्त कराया।
धरवाकला गांव निवासी स्व. पुरुषोत्तम वर्मा के पुत्र शिवजी वर्मा (30) को उसके रिश्तेदारों ने बीते दिनों मारपीट कर घायल कर दिया था। उसका उपचार ट्रामा सेंटर में चल रहा था। यहां चिकित्सकों ने मामला गंभीर बताते हुए उसे किसी अन्य अस्पताल में उपचार की सलाह दी। इस पर वह मरदह में रहने वाली अपनी बहन खुशबू के घर पर चला आया। इसकी जानकारी जब धरवाकला से सटे गांव सहाबलपुर के लोगों को हुई तो उन्होंने बहन को फोन करके शिवजी को लाने के लिए कहा, ताकि चंदा एकत्र कर उसका बेहतर उपचार हो सके। इस पर बहन उसे एंबुलेंस से लेकर आई। ग्रामीणों ने जब घायल शिवजी से यह पूछा कि यह सब कैसे हुआ तो उसने लोगों को बताया कि बीते 14 सितंबर वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसकी बहन मोनिका वर्मा, बहनोई मदन वर्मा, भांजी पूजा वर्मा, भांजा पवन एवं पंकज वहां पहुंचे और को लाठी-डंडा और लोहे की राड से उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह मुझे जान से मारकर मकान लेना चाहते हैं। ग्रामीण घायलावस्था में मुझे कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। वहां के चिकित्सकों ने भी जवाब देते किसी बड़े अस्पताल में उपचार कराने की सलाह दी। इसके बाद मैं मरदह स्थित अपनी बहन खुशबू के घर आ गया। मैने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी। बावजूद इसके पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इतना सुनते ही ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त हो गई। दर्जनों महिला-पुरुषों ने शिवजी को न्याय दिलाने के लिए दिन में साढ़े 12 बजे कासिमाबाद चौक पर जाम लगा दिया। जानकारी होती थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इस पर एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी बड़ी बहन मोनिका को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया गया है। अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।