नंदगंज(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव में बुधवार को गांव के खलिहान में अवैध रूप से कब्जा कर मकान बनवा रहे दो लोगों को पुलिस पकड़ कर थाने लाई। दोनों को शांति भंग में चालान कर दिया। सहेड़ी गांव के सुंदर बिंद सहित गांव के अन्य लोगों ने तहसील दिवस पर प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें आरोप लगाया था कि गांव के सूरज पाल खलिहान की जमीन पर अवैध रूप से मकान बनवा रहे हैं। उपजिलाधिकारी सदर के निर्देश पर लेखपाल ने मौका मुआयना तथा नापी करके नंदगंज थाना को सूचना दी। बुधवार को मकान बनवाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काम को बंद करा दिया। सूरज पाल के पुत्र काशीपाल और सुभाष पाल को पकड़ कर थाने ले आई। इस संबंध में थाना पुलिस ने बताया कि दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया गया है।