गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित पीजी कालेज मैदान पर चल रहे सेना भर्ती मेला में वर्दी पहनने का सपना संजोए युवा पूरे जोश के साथ दौड़ में हिस्सा ले रहे हैं। छठे दिन बुधवार को वाराणसी और जौनपुर के 2621 युवकों ने दौड़ लगाई। इसमें 331 युवकों को सफलता मिली और 2290 युवा निराश हो लौट गए। सफल अभ्यर्थी तो भर्ती की अन्य प्रक्रिया में जुट गए, जबकि असफल युवाओं के चेहरे पर मायूसी दिखी।
बुधवार को जौनपुर जिले के शाहगंज, मड़ियाहूं एवं मछलीशहर तथा वाराणसी के राजातालाब तहसील के युवकों ने भाग लिया। दौड़ के लिए कुल 4993 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें से 2821 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लंबाई कम होने से 193 अभ्यर्थियों की छंटनी कर दी गई। बाकी बचे 2621 युवकों ने दौड़ लगाई। इसमें 331 अभ्यर्थियों के हाथ सफलता लगी। मालूम हो कि 20 अप्रैल से पीजी कालेज के ग्राउंड पर सेना भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। 30 अप्रैल तक सेना भर्ती होनी है। पहले दिन पीजी कालेज मैदान पर भदोही जनपद के ज्ञानपुर एवं औराई तहसील, दूसरे दिन सोनभद्र जिले के घोरावल तहसील, राबट्सगंज, दुद्धी, मिर्जापुर जिले की सदर तहसील, तीसरे दिन चंदौली की चंदौली सदर, नौगढ़, मुगलसराय एवं चकिया तहसील, चौथे दिन चंदौली की सकलडीहा, जौनपुर के बदलापुर और पांचवें दिन जौनपुर सदर तथा केराकत तहसील के हजारों युवक जोशखरोश के साथ भाग लेते हुए वर्दी की आस में पसीना बहाते हुए दौड़ लगा चुके है।