संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने छपरा-वाराणसी रेलखंड पर गाजीपुर सिटी और शहबाज कुली स्टेशन के बीच नव निर्मित फतेहपुर अटवा हाल्ट का रविवार को उद्घाटन किया। हाल्ट पर आज से तीन जोड़ी सवारी गाड़ी रुकने लगीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 20 मार्च के बाद इस रेलखंड पर इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ने लगेंगे। रेलवे ग्रामीण क्षेत्र के स्टेशनों पर वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराएगा। जिले में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि रेल कम सड़क पुल को बनाने में 10 वर्ष लग जाता था लेकिन गंगा पर रेल कम सड़क पुल और ताड़ीघाट-मऊ रेल खंड वर्ष 2019 तक बनकर तैयार होगा। इसी माह से ताड़ीघाट-मऊ रेलखंड में पड़ने वाले तीन स्टेशनों जंगीपुर, बिरनो, मरदह के निर्माण के लिए रेलवे भूमि अधिग्रहण करेगा। जून में छपरा-इलाहाबाद तक इलेक्ट्रिक इंजन से सफर आसान होगा। गाजीपुर में अफीम फैक्ट्री के पास बन रहा क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान अप्रैल तक तैयार हो जाएगा जबकि औड़िहार में बन रहा डेमू मेटीनेंस वर्कशाप चार माह के अंदर तैयार होगा। इलेक्ट्रिक इंजन से चलने वाली मेमो ट्रेन का भी मेंटीनेंस होगा। राज्यमंत्री ने कहा कि ताड़ीघाट-बारा मार्ग चौसा राष्ट्रीय राजमार्ग के नाम से जाना जाएगा। बताया कि जल्लापुर के पास 178 करोड़ की लागत से छोटे बंदरगाह का निर्माण शुरू हो गया है। अटवा हाल्ट की चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व में छोटी लाइन का यहां हाल्ट था। आमान परिवर्तन के दौरान इस हाल्ट को समाप्त कर दिया गया था। रेलवे की ओर से निर्धारित अवधि के अंदर इस हाल्ट को बनाकर तैयार किया गया। इस हाल्ट से कठवा मोड़, हैंसी, महेशपुर, सदिकापुर, सुसुंडी, लखमीपुर, खालिसपुर, शक्करपुर, नोनहरा, नगवा, चौरही क्षेत्र के लोगों को डेमू और सवारी गाड़ी से वाराणसी और छपरा तक यात्रा करने की सुविधा होगी। इस मौके पर मुहम्मदाबाद की विधायक अलका राय, सदर विधायक डा. संगीता बलवंत, एमएलसी चेतनारायण सिंह, एमएलसी केदारनाथ सिंह, पूर्वोंत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल, भाजपा के जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय, इफको के निदेशक राजकुमार त्रिपाठी, विजयशंकर राय, धनेश्वर बिंद आदि मौजूद रहे।
तीन जोड़ी गाड़ियों का होगा ठहराव
अब इस हॉल्ट स्टेशन पर 3 जोड़ी सवारी गाड़ियों का ठहराव होगा। 55133 बलिया-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी हॉल्ट पर 6.57 बजे पहुंचकर 6.58 बजे प्रस्थान करेगी। 55131 छपरा-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी हॉल्ट स्टेशन पर 11.37 बजे पहुंचकर 11.38 बजे प्रस्थान करेगी। 75103 फेफना जं. - वाराणसी सिटी डेमू सेवा गाड़ी हॉल्ट स्टेशन पर 14.30 बजे पहुंचकर 14.31 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी यात्रा में 55014 वाराणसी सिटी-छपरा सवारी गाड़ी फतेहपुर अटवा हॉल्ट स्टेशन पर 7.26 बजे पहुंचकर 7.27 बजे प्रस्थान करेगी। 55132 वाराणसी सिटी-छपरा सवारी गाड़ी हॉल्ट स्टेशन पर 15.02 बजे पहुंचकर 15.03 बजे प्रस्थान करेगी। 75104 वाराणसी सिटी-फेफना डेमू सेवा गाड़ी फतेहपुर अटवा हॉल्ट स्टेशन पर 11.26 बजे पहुंचकर 11.27 बजे प्रस्थान करेगी।
हॉल्ट का निर्माण 58.67 लाख रुपये से
गाजीपुर। फतेहपुर अटवा हॉल्ट का निर्माण 58.67 लाख रुपए की अनुमानित लागत से किया गया है। यहां पर 225 मीटर लंबा मीडियम लेवल का प्लेटफार्म बनाया गया है, जिसकी सतह सीमेंट कंक्रीट की है। यात्रियों की सुविधा के लिये टिकट बुकिंग कार्यालय के साथ ही कम लागत वाले 4 यात्री छाजन तथा पीने के पानी की सुविधा के लियेे दो हैंडपंप आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। फतेहपुर अटवा हॉल्ट स्टेशन पर तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों का ठहराव प्रदान किया गया है।