गाजीपुर। स्थानीय सिटी रेलवे स्टेशन से इलेक्ट्रिक ट्रेन से यात्रा करने की हसरत जल्द उड़ान भरने वाली है। फरवरी माह तक सिटी रेलवे स्टेशन से वाराणसी की तरफ इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ने लगेगी। वाराणसी-छपरा रेलखंड पर विद्युतीकरण का कार्य जोरशोर से चल रहा हैै। इसके तहत बलिया तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। हालांकि इसमें अभी करेंट प्रवाहित नहीं किया गया है।
रेलवे की ओर से जिले में कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। घाट स्टेशन के पास वातानुकूलित सब्जी भंडारण केंद्र का निर्माण पूरा कर लिया गया है जबकि शहर के अफीम फैक्ट्री के पास क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान तथा गोड़ा शहरी के पास वाशिंग पिट का निर्माण कार्य चल रहा है। यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में सिटी रेलवे स्टेशन सहित जिले के विभिन्न स्टेशनों पर तमाम कार्य कराए गए हैं। कुछ कार्य अभी भी कराए जा रहे हैं। इसके अलावा विद्युतीकरण एवं दोहरीकरण का भी कार्य कराया जा रहा है। इलाहाबाद से छपरा तक 415 करोड़ की लागत से रेल लाइन पर विद्युतीकरण का कार्य अगस्त 2015 में शुरू हुआ था। अब तक वाराणसी से बलिया तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। हालांकि अभी इसमें करेंट प्रवाहित नहीं किया गया हैै। फरवरी माह तक सिटी रेलवे स्टेशन से वाराणसी की तरफ इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू होने की संभावना है। इस सुविधा की शुरुआत होने पर जिले के लोगों को इलेक्ट्रिक ट्रेन से यात्रा करने की सौगात मिल जाएगी। इसके साथ ही यात्रा के दौरान उनके समय की भी बचत होगी। रेल विकास निगम लिमिटेड के मुख्य परियोजना प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि विद्युतीकरण का काम जोरों पर चल रहा है। सितंबर 18 तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।