गाजीपुर। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री के निर्देश पर मुहम्मदाबाद स्थित निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र को सीएमओ डॉ. गिरीशचंद्र मौर्या के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तीन दिन पूर्व सील कर दिया था। दूसरे दिन निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र के संचालक ने सील को तोड़कर अवैध रुप से पुन: केंद्र का संचालन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी होते ही स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों ने सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक से इसकी रिपोर्ट मांगी। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केंद्र में स्थित अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर कब्जे में लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
झोलाछाप चिकित्सकों और अवैध निजी अस्पतालों पर अंकुश लगाने के साथ जिला प्रशासन ने अब निजी पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कराकर कार्रवाई करने का कार्य शुरू कर दिया है। बीते 28 जुलाई को डीएम के निर्देश पर सीएमओ और एसीएमओ के नेतृत्व में मुहम्मदाबाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में संचालित हो रहे एक अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापेमारी की। इस दौरान संचालक चिकित्सक के आने का बहाना बनाने के साथ कोई कागज भी नहीं दिखा पाया। इसको गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की टीम ने केंद्र को सील कर दिया। इस संबंध में टीम के सदस्य एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि बीते 29 जुलाई को सीएचसी के कर्मचारी ने बताया कि सील हुए निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र की सील को तोड़कर पुन: अवैध रुप से संचालन शुरू कर दिया गया है। इसकी जांच कराई गई तो मामला सही निकाला। इसकी रिपोर्ट सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. निरंजन प्रसाद से मांगी गई है लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। अब टीम द्वारा निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र में स्थित मशीन को सीज कर कब्जे में लेने की तैयारी शुरू कर दी गई है।