सुहवल (गाजीपुर)। प्राथमिक विद्यालय सुहवल पूर्वी प्रथम के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों की ओर से स्कूल चलो अभियान के तहत मंगलवार को जागरुकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं आधी रोटी खाएंगे, फिर भी स्कूल पढ़ने जाएंगे, घर-घर शिक्षा का दीप जले, हर बच्चा स्कूल चले आदि नारे लगाते चल रहे थे। रैली पूरे गांव का भ्रमण कर पुन: स्कूल पर आकर समाप्त हुई। इस मौके पर रेवतीपुर के खंड शिक्षाधिकारी राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा सबका मौलिक अधिकार है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि अपने दायित्वों का निर्वहन करें। छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा देकर सभ्य एवं शिक्षित बनाना है। अध्यापकों का आह्वान किया कि समय से स्कूल खोलने, छात्रों एवं उनके परिजनों को परिषदीय स्कूलों के प्रति आकर्षित करें ताकि छात्रों का शत-प्रतिशत नामांकन हो सके। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक भगवती प्रसाद तिवारी ने कहा कि छात्र ही हमारे देश के भविष्य हैं। उन्हें हम अच्छी शिक्षा दें यही हमारा लक्ष्य है। इस मौके पर रविशंकर तिवारी, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, सुशील प्रजापति, दिव्य ज्योति, अर्चना राय आदि उपस्थित थे।