गाजीपुर (गाजीपुर)। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव के पास मंगलवार को एक ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई। इस घटना में ट्राली पर सवार आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा। घायलों में चार की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
गोपालपुर निवासी शिवशंकर पासवान की पुत्री तेतरी की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। आज सभी परिजन और ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर रामपुर उर्फ साधोपुर गंगा तट पर गंगा घाट पुजा करने जा रहे थे। अभी ट्रैक्टर रामपुर उर्फ साधोपुर गाव के पास पहुंचा ही था कि तिराहे के पास अचानक अनियंत्रित हो कर खाई में पलट गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को किसी तरह से बाहर निकाला। इस घटना में राधिका पासवान (35), प्रमिला देवी (45), आशा देवी (40), कौशल्या देवी (55), राजू (14), रंजू कुमारी (15), जया (16) और रूपा (15) घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए रेवतीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घायल राधिका देवी, प्रमिला देवी, आशा और रूपा की हालत गंभीर होने उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी गोपालपुर गांव में होते ही ग्रामीणों और परिजनों में चीखपुकार मच गई।