मरदह (गाजीपुर)। क्षेत्र में बिजली तो मिल रही है, लेकिन लो-वोल्टेज के कारण दर्जनों गांव के उपभोक्ता इसका समुचित प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। कम वोल्टेज के कारण बिजली उपकरण भी बेकार साबित हो रहे हैं। खेती का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। लो वोल्टेज के कारण लोगों में आक्रोश पनप रहा है, जो गुस्सा बनकर कभी भी सड़क पर दिख सकता है।
क्षेत्र के मरदह, पड़िता, डोड़सर, नोनरा, कोदई, नरवर, कैथवली, हैदरगंज, मटेहूं, टिसौरी, गांई, चवर, घरियां, बसवारी, महेगवां, बोगना, मलेठी, गोविंदपुर कीरत, हरहरी, बगही, पीपनार, रायपुर-बाघपुर, आदि गांवों के उपभोक्ता महीनों से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। ठंड का मौसम तो जैसे-तैसे निकल गया, लेकिन गर्मी के मौसम में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कम वोल्टेज की वजह से टीवी, फ्रिज सहित बिजली से चलने वाले अन्य उपकरण काम नहीं कर पा रहे हैं। लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। परेशान लोगों का कहना है कि बिजली रहते हुए भी इसका लाभ न मिलने से निराशा हो रही है। लो-वोल्टेज का प्रभाव खेती के काम पर भी पड़ रहा है। पंप न चलने से किसान धान की नर्सरी की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। फसल के चौपट होने की आशंका सता रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों का रोष कभी भी सड़क पर दिखाई दे सकता है। इस संबंध में एसडीओ संजय प्रसाद ने बताया कि ओवरलोड एवं जर्जर तार की वजह से समस्या उत्पन्न हो रही है। जल्द से जल्द इसका समाधान किया जाएगा।