गाजीपुर। जिले से गुजर रहे वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर महराजगंज से लेकर मरदह के बीच 100 से अधिक अवैध कट हैं। हर तीन से चार किमी पर फोरलेन पर ग्रामीणों ने कहीं मिट्टी डालकर तो कहीं डिवाइडर तोड़कर आवागमन का रास्ता बना लिया है। नियम-निर्देशों को ताक पर रखने से सड़क पर दुर्घटनाओं का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।
फोरलेन से बाजार और गांवों में जाने के लिए सर्विस लेन के साथ मानक के अनुरूप कट बनाए गए हैं। मगर, कई जगह ग्रामीणों ने मन मुताबिक लेन को बांटने वाले डिवाइडर में मिट्टी डालकर अवैध ढंग से कट बना लिया है। कई जगह तो डिवाइडर को तोड़कर आवागमन हो रहा है। ऐसे में दोनों लेन में फर्राटा भर रहे वाहन हादसे का शिकार हो जाते हैं।
जंगीपुर से मरदह के बीच स्थिति ज्यादा खतरनाक है। कई बार चालक वाहनों को गलत लेन में लेकर चलने लगते हैं, ऐसी स्थिति में हादसे की आशंका बढ़ जाती है। बावजूद इसके जिम्मेदार इस लेन को बंद करने को लेकर ठोस कदम नहीं उठाते।