परिषदीय विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार कराया जा रहा है। इसके तहत जिले के दो परिषदीय विद्यालयों में बालक-बालिका एवं दिव्यांग शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही दस विद्यालयों में वृहद मरम्मत का कार्य कराकर उनका कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए बीस लाख से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
परिषदीय विद्यालयों की सूरत संवारी जा रही है। इस क्रम में दो विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालयों तथा एक में दिव्यांग शौचालय का निर्माण कराया जाना है। इनमें कंपोजिट विद्यालय रामपुर मांझा में बालक-बालिका शौचालय बनवाया जाना है जबकि कंपोजिट विद्यालय गहमर में दिव्यांग शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 95000-95000 की धनराशि मिली है।
इसके साथ ही विभिन्न विकासखंडों में स्थित दस विद्यालयों में वृहद मरम्मत का कार्य कराया जाना है। इन विद्यालयों में छत, फर्श एवं दीवार की मरम्मत कराकर उनकी सूरत बदली जाएगी। इसके लिए 20 लाख 7400 की धनराशि उपलब्ध हुई है। इसमें कंपोजिट विद्यालय बरहपुर में 129000, कंपोजिट स्कूल एकावस पट्टी में 115700, कंपोजिट स्कूल खानकाह कला में 237200, पौटा में 179700 रुपये से वृहद मरम्मत का काम कराया जाएगा। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय बुढ़ानीपुर भितरी में 240200, धरीखुर्द में 377600 की धनराशि मिली है।
इसके अलावा मटखन्ना में 201400, सरौली में 115300, उच्च प्राथमिक विद्यालय नंदगंज में 274400 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय सेहमलपुर की सूरत 136900 की धनराशि से मरम्मत कराकर संवारी जाएगी। इन विद्यालयों में बालक-बालिका एवं दिव्यांग शौचालयों तथा वृहद मरम्मत कार्य के लिए धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेज दी गई है।
बीआरसी के फर्श पर लगेगी टाइल्स
गाजीपुर। बरहपुर स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र देवकली का भी कायाकल्प किया जाना है। इसके लिए एक लाख 40 हजार 800 की धनराशि भी मिल गई है। इससे केंद्र की दीवारों एवं छत की मरम्मत, फर्श पर टाइल्स एवं अन्य कार्यालयी सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इसका पैसा बीआरसी के खाते में भेजा गया है।
बालक-बालिका एवं दिव्यांग शौचालयों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं समय के अंतर्गत पूरा कराया जाना है। इसके लिए संबंधित को निर्देश दे दिया गया है- हेमंत राव, बेसिक शिक्षाधिकारी