मौसम खराब होने के साथ शहर की बिजली आपूर्ति गड़बड़ा गई। बारिश और तेज आंधी से शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी रात गायब रही। कुछ क्षेत्रों में केवल एक फेज से ही सप्लाई हो रही थी।
इससे लोगों को लो-वोल्टेज की आफत भी झेलनी पड़ी। बिजली के साथ ही पेयजल किल्लत का भी सामना करना पड़ा। रविवार सुबह ज्यादातर क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई भी नहीं मिली।
शनिवार को मौसम खराब होते ही लोगों को फिर से इन समस्याओं का सामना करना पड़ा।
दोपहर में तेज हवा केसाथ हल्की बारिश आई थी। इससे ज्यादातर इलाकों की बिजली सप्लाई गायब हो गई। पहले तेज आंधी में कारपोरेशन अफसरों ने सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद धूल के ऊपर पानी गिरने से लाइनों में फाल्ट आने शुरू हो गए।
इंसुलेटर और जंफर पर अर्थिंग होने से फाल्ट होने लगे। इससे जहां कई क्षेत्रों में बिजली गायब हो गई, वहीं कई अन्य क्षेत्रों में लोगों को लो-वोल्टेज का सामना करना पड़ा। इसका असर रविवार सुबह को भी लोगाें को झेलना पड़ा।
एसई एसबी यादव ने बताया कि बारिश से नौ ट्रांसफार्मर खराब हो गए, जबकि अन्य क्षेत्रों में इंसुलेटर और जंफर-फ्यूज वायर खराब होने से सप्लाई बंद रही। ऐसे में निगम केनलकूप भी नहीं चल पाए। रविवार को विशेष टीम लगाकर लाइनों को चेक कराया गया था। शाम तक ज्यादातर क्षेत्रों में सप्लाई ओके कर दी गई।
बालकिशन शर्मा ने बताया कि पावर कारपोरेशन 24 घंटे सप्लाई का दावा कर रहा है। करोड़ों रुपये पावर संसाधन ठीक करने पर लगाए जा रहे हैं। इसके बावजूद पावर स्ट्रक्चर आंधी-बारिश का एक झटका झेलने की स्थिति में नहीं है। कारपोरेशन को संसाधनों को सुदृढ़ करना होगा।