एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सर्राफा व्यापारियों ने शनिवार शाम मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान वीवीआईपी ज्वैलर्स एसोसिएशन, सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद और हिंडनपार सर्राफा व्यापार एसोसिएशन के व्यापारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शाम को वैभव खंड स्थित पीसी ज्वैलर्स के सामने काफी संख्या में ज्वैलर्स इकट्ठा हुए। यहां से मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस शिप्रा मॉल के सामने से होते हुए कृष्णा अपरा सोसायटी, पारसनाथ पैराडाइज, एक्सप्रेस गार्डन, हैबिटेट सेंटर, शिप्रा सन सिटी के सामने से होता हुआ पीसी ज्वैलर्स के सामने आकर समाप्त हुआ।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाएगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। वीवीआईपी ज्वैलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष मोहन प्रसाद ने कहा कि सरकार एक्साइज ड्यूटी लगाकर सर्राफा व्यापारियों का व्यापार करना मुश्किल कर रही है। इस मौके पर अशोक आनंद वर्मा, ऋषि सिंह, बीडी शर्मा, मयंक अग्रवाल, राजीव, संजय , राहुल, संजीव अंगद आदि मौजूद रहे।