घरों में होली की तैयारियां भले ही चार दिन बाद से शुरू होगी, लेकिन बाजार पर होली का रंग चढ़ चुका है। शहर के पुराने बाजार से लेकर मॉल व बिग बाजार में होली के रंग और पिचकारी की दुकानें सज गई है। इस बार अपने फेवरेट कार्टून कैरेक्टर्स से बच्चे एक-दूसरे पर रंग बरसाएंगे।
पिचकारी विक्रेता आरके गुप्ता ने बताया कि इस बार बच्चों के लिए खास तौर पर कार्टून कैरेक्टर पिचकारी ही बाजार में है। परंपरागत मछली वाली पिचकारी के साथ ही डबल ड्रैगन, स्पाइडर टैंक जैसे कार्टून कैरेक्टर के जरिए रंगों की बौछार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिचकारी के रेट में भले ही पंद्रह से बीस फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन बाजार में प्रत्येक लोगों की उनके जेब के मुताबिक रेट वाले पिचकारी है। पांच रुपये से शुरू होकर बारह सौ रुपये तक की पिचकारी बाजार में मौजूद है, जिसकी बिक्री अभी से शुरू हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि होली पर कलरफुल हेयर और फनी चश्मा भी बच्चों और युवाओं का दिल लुभा रहे हैं। देशी पिचकारियों पर राजनीतिक लोग और फिल्मी हीरो-हीरोइनों के पोस्टर चिपका कर उसे आकर्षक बनाया जा रहा है।
बाजार में इस बार भी चाइनीज पिचकारी का जोर है। डबल ड्रैगन, एंगीवर्ड टैंक, डोरेमोन टैंक, फिश पिचकारी, ड्रेगन पिचकारी, स्पाइडर टैंक, टेडी बीयर टैंक, प्रेशर गन आदि मॉडल की पिचकारी बाजार में बिक रही हैं।