जीटी रोड पर नगर निगम की ओर से बनाया जा रहा नाला कारोबारियों के लिए सिरदर्द बन गया है। कारोबारियों का आरोप है कि नाला निर्माण ने कारोबार चौपट कर दिया है। 25 फरवरी से ठेकेदार ने खुदाई करके मलबा दुकानों के बाहर छोड़ दिया है, लेकिन नाला बनाने का काम शुरू नहीं किया।
नगर निगम ने करीब 50 साल पुराना नाला तोड़कर दोबारा बनाने का काम बीते महीने शुरू किया था। नगर निगम इस नाले की चौड़ाई भी बढ़ा रहा है। निगम ठेकेदार ने नाला बनाने के लिए खुदाई कर मिट्टी दुकानों के बाहर डाल दी। इससे दुकानों का रास्ता बंद हो गया।
खुदाई के 10 दिन बाद भी न तो नाला निर्माण शुरू कराया गया और न ही दुकानों के बाहर से मलबा हटाया गया। दुकानदारों का कहना है कि 10 दिन से दुकानें बंद हैं। रास्ता न होने की वजह से दुकान नहीं खोल पा रहे हैं। इससे कारोबार चौपट हो गया है। इन 10 दिन में लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है।