सेक्टर-5 में बृहस्पतिवार को बंदर ने एक महिला को काट लिया, जिससे गुस्साई महिलाओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव किया। महिलाओं ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने अधिकारियों से जल्द से जल्द बंदरों को पकड़ने की मांग की है।
सेक्टर-5 में बंदरों का आतंक बहुत ही ज्यादा है। बंदरों के झुंड ने कालोनी में कोहराम मचा रखा है। बृहस्पतिवार को सुबह लीला घर के बाहर खड़ी थीं कि बंदरों का झुंड आ गया। बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। जब तक वह संभल पाती कि एक बंदर ने उनके पैर में काट लिया।
आसपास के अन्य लोगों ने पत्थर और डंडों से बंदरों को भगाया। बंदरों के आतंक से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट गया। करीब 20 महिलाएं इकठ्ठा होकर नगर निगम कार्यालय पहुंच गईं। उन्होंने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर दिया और नारेबाजी करने लगीं।
कार्यालय पर मौजूद कर्मचारियों ने महिलाओं की बात जोनल प्रभारी डीके सिन्हा से बात कराई। उन्होंने बंदरों को पकड़वाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाएं शांत हुईं। महिलाओं ने बताया कि कालोनी में काफी संख्या में बंदर हैं। घर का दरवाजा खुला रह जाता है तो घरों में घुसकर सामान ले जाते हैं।
छतों पर कपड़े सुखाना मुश्किल हो गया है। जल्द ही बंदरों को पकड़ने के लिए कदम नहीं उठाया तो महिलाएं फिर से नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगी। इस मौके पर देविका देवी, सुनीता, गायत्री, मोनिका, नीलू, इंदू, सविता, आदि मौजूद रही।