महाशिवरात्रि के मद्देनजर गौशाला रोड और जीटी रोड पर वाहनों का रूट डायवर्जन होने से सोमवार को जगह जगह जाम लगा। एनएच-24, अंबेडकर रोड और जीटी रोड पर वाहनों का भीषण जाम रहा।
हालांकि शाम जीटी रोड पर डायवर्जन खत्म कर दिया गया। इससे वाहन चालकों को थोड़ी राहत मिली। गौशाला अंडरपास से भी आधी रात के बाद डायवर्जन खत्म कर दिया गया। मंगलवार सुबह से यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी।
इससे सबसे ज्यादा राहत लाइन पार क्षेत्र के दो लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगी। रूट डायवर्जन की वजह से नोएडा-दिल्ली और हापुड़ की ओर जाने वाले वाहन चालक परेशान हुए। सीओ प्रथम इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर रूट डायवर्ट किया गया था।
रविवार देर शाम से दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर मार्ग से दुपहिया वाहनों को भी गुजरने की इजाजत नहीं थी। डायवर्जन से कुछ स्थानों पर जाम की सूचना मिली, लेकिन इससे निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।